Saturday, July 27, 2024
HomeBollywoodअमिताभ बच्चन से कम पॉपुलर नहीं हैं उनके हमशक्ल शशिकांत, कोरोना काल...

अमिताभ बच्चन से कम पॉपुलर नहीं हैं उनके हमशक्ल शशिकांत, कोरोना काल में कर रहे लोगों की मदद

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को देश का बच्चा-बच्चा जानता है। दुनियाभर में उनके लाखों फैंस हैं। लोग तरह-तरह से उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हैं। उन्हें यह मुकाम अपनी अदाकारी, कामयाबी और विनम्रता के बल पर मिली है। महानायक अमिताभ बच्चन यूं तो करोड़ों दिलों पर राज करते हैं, लेकिन उनके कुछ फैंस बेहद खास हैं।

नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को देश का बच्चा-बच्चा जानता है। दुनियाभर में उनके लाखों फैंस हैं। लोग तरह-तरह से उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हैं। उन्हें यह मुकाम अपनी अदाकारी, कामयाबी और विनम्रता के बल पर मिली है। महानायक अमिताभ बच्चन यूं तो करोड़ों दिलों पर राज करते हैं, लेकिन उनके कुछ फैंस बेहद खास हैं। उनमें से एक हैं- शशिकांत पेडवाल। दरअसल, वह बिग बी के हमशक्ल हैं। अगर उन्हें अमिताभ बच्चन की जैरॉक्स कॉपी कहा जाए तो गलत नहीं होगा।

मेगास्टार अमिताभ बच्चन स्वास्थ्य से जुड़ी जन मुहिमों में हिस्सा लेते रहे हैं। उन्हें पल्स पोलियो अभियान में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए लोगों को जागरूक करते देखा गया। अमिताभ कोरोना महामारी के दौर में भी इसके बचाव के उपायों पर अमल का संदेश देते नजर आए। लेकिन हम यहां सदी के इस महानायक की नहीं उनके एक हमशक्ल शशिकांत पेडवाल की बात करने जा रहे हैं।

अमिताभ जैसे ही गेटअप में हमेशा नजर आने वाले शशिकांत उनकी आवाज की भी अच्छी कॉपी कर सकते हैं। दरअसल, शशिकांत जब कॉलेज में पढ़ते थे तो सब दोस्त उन्हें अमिताभ का हमशक्ल कहते थे। तभी शशिकांत ने अमिताभ के कुछ डॉयलॉग याद किए और कॉलेज के इवेंट्स में उन्हें सुनाना शुरू कर दिया। कोरोना महामारी की दस्तक से पहले से ही शशिकांत एनजीओ और अस्पतालों में जाकर लोगों का मनोरजंन करते रहे हैं। शशिकांत के मुताबिक वो पहले भी कैंसर मरीजों से जाकर मिलते रहे हैं। जब अमिताभ बच्चन के गेटअप में ही ऐसा करते थे तो मरीजों को उन से मिलकर बहुत खुशी होती थी।

शशिकांत अपने पसंदीदा कलाकार अमिताभ बच्चन के हावभाव को कॉपी करने के साथ उन्हीं की वेशभूषा में हमेशा दिखने की कोशिश करते हैं। चश्मा भी वो उन्हीं के स्टाइल का पहनते हैं। शशिकांत के मुताबिक 2011 में पहली बार उन्हें अमिताभ बच्चन से मिलने का मौका मिला था, अब तक दो बार वे महानायक से मिल चुके है। पहली बार अमिताभ के घर पर शशिकांत ने उन्हें अपनी तस्वीरों का एलबम दिखाया था। शशिकांत दूसरी बार अमिताभ से नागराज मंजुले की आने वाली फिल्म ‘झुंड’ की शूटिंग के दौरान मिले। इस फिल्म में शशिकांत को बिग बी के लॉन्ग शॉट्स में काम करने का मौका भी मिला।

बुजुर्ग महिला श्रीमती भोंसले से शशिकांत ने अमिताभ के रूप में बात की तो वे खुशी से फूली नहीं समाई। जम्बो अस्पताल के CEO अंबर आयदे ने बताया कि यह बुजुर्ग महिला करीब एक घंटा पहले ही तैयार हो कर बैठ गईं कि ‘अमिताभ बच्चन’ वीडियो कॉल पर उनसे बात करने वाले हैं। शशिकांत ने जब बात करना शुरू किया तो महिला की आंखें भर आईं।

शशिकांत इन दिनों एक मिशन पर हैं। ये मिशन हैं कोविड-19 पीड़ित मरीजों से बात कर उनका मनोबल बढ़ाना। शशिकांत वीडियो कॉलिंग के जरिए मरीजों से बात करते हैं और सोच हमेशा पॉजिटिव रखने का संदेश देते हैं। शशिकांत अब तक 350 कोविड मरीजों से बात कर चुके हैं। पेशे से शशिकांत प्रोफेसर हैं और सरकारी टैक्निकल इंस्टीट्यूट ITI में पढ़ाते हैं।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular