बॉलीवुड एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरी 80 के दशक की सुपरहिट एक्ट्रेस रहीं। यादों की बारात, दुश्मन दोस्त और सत्यम शिवम सुंदरम जैसी कई फिल्मों में बाल कलाकार के रुप में नजर आई थीं। उन्होंने हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी। ऋषि कपूर के साथ उनकी फिल्म प्रेम रोग बॉक्स ऑफिस पर सुपर-डुपर हिट रही।
पद्मिनी इंडस्ट्री की एक बड़ी एक्ट्रेस रहीं। हर कोई दर्शक उनसे जुड़ी खबरों को जानने में काफी दिलचस्प था। बात है उस दौर कि जब साल 1980 में प्रिंस चार्ल्स भारत दौरे पर आए हुए थे। प्रिंस चार्ल्स का मन हुआ कि वो बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग देखें। ऐसे में प्रिंस चार्ल्स को मुंबई के एक स्टूडियो में ले जाया गया। ये राजकमल का वो स्टूडियो था जहां पद्मिनी फिल्म ‘आहिस्ता-आहिस्ता’ की शूटिंग कर रही थीं। जब पद्मिनी को प्रिंस चार्ल्स के आने की बात पता चली तो खुद उनसे मिलने गईं।
अभिनेत्री शशिकला ने प्रिंस चार्ल्स की आरती उतारी और पद्मिनी ने प्रिंस के गालों पर किस करते हुए उन्हें फूलों की माला पहनाई। उस दौर में किसी अभिनेत्री का किसी को यूं ही किस कर लेना आम बात नहीं थीं। फिल्मों में भी किसिंग सीन बहुत ही कम फिल्माए जाते थे। ऐसे में पद्मिनी का ये कदम लोगों को काफी बोल्ड लगा। उस समय प्रिंस चार्ल्स की शादी भी नहीं हुई थी। ऐसे में पद्मिनी के ये किस का किस्सा काफी चर्चा में आ गया था।
इसके चर्चें ब्रिटेन तक होने लगे थे। इस घटना के बाद एक बार पद्मिनी का ब्रिटेन जाना हुआ जहां इमिग्रेशन ऑफिसर ने उनसे पूछ लिया था कि आप वहीं हैं ना जिन्होंने प्रिंस चार्ल्स को किस किया था। उस वक्त पद्मिनी का चेहरा शर्म से लाल हो गया था। एक छोटी सी मामूली बात को उस दौर में काफी बड़ा मुद्दा बना दिया गया था।