नई दिल्ली। स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। वहीं दूसरी ओर उन्हें नेशनल क्रश भी बोला जा रहा है, और लड़कियों के बीच नीरज बेहद लोकप्रिय हो गए हैं। लड़कियां उनको ‘आई लव यू’ बोल रही हैं। लड़कियों का कहना था कि नीरज चोपड़ा ने देश के लिए एक ऐसा काम किया है जो असंभव लग रहा था। ये उनकी मेहनत का ही नतीजा है कि वे भारत को इतना बड़ा सम्मान दिला सके।
नीरज चोपड़ा युवाओं के लिए एक उदाहरण बन चुके हैं। लड़कियां कहती हैं कि वे युवा हैं, दिखने में भी बहुत अच्छे हैं और आज का यूथ होने अपना प्रेरणा स्त्रोत भी मानता है। इसीलिए उन्हें नेशनल क्रश कहा जा रहा है। इसी वजह से लड़कियां भी उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्हें बधाई दे रही हैं। एक बेहतरीन एथलीट होने के साथ-साथ नीरज चोपड़ा दिखने में भी अच्छे हैं। शायद इसी वजह से लड़कियों के लिए वे क्रश बन चुके हैं।
वहीं, नीरज चोपड़ा की सोशल मीडिया पर उनकी लाखों में फैन फॉलोइंग हो गई है। लड़कियां भी उनकी दीवानी हो रही हैं। टोक्यो से भारत आने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई गोल्डन बॉय की एक झलक पाना चाहता था। गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही नीरज पर बायोपिक की चर्चा भी जोरों से हो रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जब नीरज चोपड़ा से पूछा गया था कि अपनी बायोपिक में किस बॉलीवुड एक्टर को देखना चाहते हैं?
ये बात है साल 2018 की। उस वक्त नीरज इतने पॉपुलर नहीं थे। लेकिन उन्होंने 2018 में एशियाई गेम्स में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। ऐसे में एक इंटरव्यू में उनसे उनकी बायोपिक को लेकर सवाल किया गया। उनसे पूछा गया था कि अगर कभी उनकी बायोपिक बनती है तो वह किस एक्टर को उसमें देखना चाहेंगे? इस पर उन्होंने इच्छा जताई थी कि यदि भविष्य में कभी उनकी बायोपिक बॉलीवुड में बनती है तो वो उसमें अक्षय कुमार या रणदीप हुड्डा में से किसी एक को देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि बहुत अच्छा होगा अगर उनकी बायोपिक बनती है तो वह चाहेंगे कि इन दोनों एक्टर्स में से कोई एक उनका रोल निभाए।
हालांकि, गोल्ड मेडल जीतने के बाद जब उनसे इंटरव्यू में बायोपिक को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल वो केवल और केवल अपने खेल पर ध्यान देना चाहते हैं। ऐसे में वह अभी अपनी बायोपिक के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उनका कहना था कि रिटायर होने के बाद उन्हें बायोपिक में कोई परेशानी नहीं है।
वहीं, जब नीरज चोपड़ा की बायोपिक में काम करने को लेकर अक्षय कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘वो खुद एक बहुत अच्छे दिखने वाले शख्स हैं। अगर मेरी कभी बायोपिक बने तो मैं चाहता हूं कि उन्हें उसमें काम करना चाहिए।’